इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में रविवार रात रोड रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। बीच सड़क पर खड़े एक युवक को हॉर्न बजाना दंपती को भारी पड़ गया। गुस्साए युवक ने कार के बोनट पर चढ़कर जमकर तोड़फोड़ की और कार के शीशे फोड़ दिए।
घटना के दौरान कार में मौजूद दंपती ने पूरी वारदात अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रास्ता देने के लिए बजाया था हॉर्न
जानकारी के मुताबिक, घटना पलासिया चौराहे के पास स्थित शराब दुकान के सामने की है। सिंधी कॉलोनी निवासी बाबू पंजवानी अपनी पत्नी के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक बीच सड़क पर खड़ा था।
दंपती ने उससे रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया। इसी बात पर युवक भड़क गया।
बोनट पर चढ़कर तोड़े कार के शीशे
गुस्से में युवक पहले कार के बोनट पर हाथ मारने लगा। इसके बाद वह सीधे कार के बोनट पर चढ़ गया और सामने का शीशा समेत अन्य कांच तोड़ दिए।
पूरी घटना के दौरान दंपती कार के अंदर ही मौजूद रहे। उन्होंने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में पुलिस को सौंप दिया।
दो आरोपी हिरासत में
शिकायत मिलने के बाद रावजी बाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान बाबू (19 वर्ष), निवासी पंचमुखी हनुमान मंदिर, भोरासला और अंकित केलवा (23 वर्ष), निवासी गोविंदनगर के रूप में हुई है।
बाबू नल फिटिंग का काम करता है, जबकि अंकित एक सैलून संचालित करता है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
वीडियो के आधार पर जांच जारी
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए Deshharpal से जुड़े रहें। अधिक खबरों और ताज़ा अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com



