IPL 2027 के मिनी ऑक्शन को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को बताया कि अगले सीजन की नीलामी गोवा में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिनी ऑक्शन दिसंबर में कराया जाएगा।
पिछले तीन IPL ऑक्शन भारत से बाहर आयोजित किए गए थे। साल 2024 में नीलामी दुबई में, 2025 में सऊदी अरब के जेद्दा और 2026 में अबूधाबी में हुई थी। अब BCCI ने भारत में ही अगली नीलामी कराने का फैसला किया है।
ऑक्शन की तारीख अभी तय नहीं
देवजीत सैकिया के मुताबिक, IPL 2027 मिनी ऑक्शन की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है। हालांकि, यह दिसंबर में आयोजित किया जाएगा।
BCCI वेन्यू से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विचार कर रहा है। इनमें सबसे अहम फ्रेंचाइजियों और उनके प्रतिनिधिमंडलों के ठहरने की व्यवस्था होगी।
वेडिंग सीजन के कारण होटल कमरे भी चुनौती
अक्टूबर से दिसंबर तक भारत में वेडिंग सीजन रहता है। ऐसे में बड़े शहरों के 5-स्टार होटलों में पर्याप्त कमरे उपलब्ध होना भी ऑक्शन के आयोजन के लिए महत्वपूर्ण फैक्टर होगा।
BCCI को नीलामी के दौरान फ्रेंचाइजियों और उनके डेलिगेशन के लिए दो रातों के लिए 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत होती है। इसी वजह से होटल की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए आयोजन की अंतिम तारीख तय की जाएगी।
तीन साल बाद भारत में होगी IPL ऑक्शन
2024 में दुबई, 2025 में जेद्दा और 2026 में अबूधाबी में ऑक्शन के बाद IPL 2027 की मिनी नीलामी भारत में होगी। गोवा को वेन्यू बनाए जाने की जानकारी BCCI सचिव ने दी है, जबकि आयोजन की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।

