जबलपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे एसपी कार्यालय में जनसुनवाई चल रही थी। इसी दौरान परिसर में मौजूद दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में दोनों ने एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए और मारपीट करने लगीं।
पुलिस ने मौके पर संभाला मामला
विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी और महिला पुलिस स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद दोनों महिलाओं को अलग कराया गया। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को पूछताछ के लिए थाने भेजा गया।

एक महिला खुद को बताती है यूट्यूबर
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार विवाद में शामिल महिलाओं में से एक खुद को यूट्यूबर बताती है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

महिला ने लगाए परेशान करने के आरोप
सिविल लाइन थाना पुलिस के मुताबिक कैंट क्षेत्र निवासी पिंकी नामक महिला अपने पति से जुड़े मामले की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंची थी। इसी दौरान उसकी दूसरी महिला से बहस हो गई।
पिंकी का आरोप है कि दूसरी महिला लंबे समय से उसे परेशान कर रही है और खुद को पत्रकार बताती है। उसने आरोप लगाया कि जनसुनवाई के दौरान बच्चों के सामने गाली-गलौज की गई, विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
मेडिकल जांच के लिए भेजा गया
मारपीट में दोनों महिलाओं को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायतें लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी हो चुका है विवाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों महिलाओं के बीच पहले भी विवाद हो चुका है, जिसकी शिकायत गढ़ा थाने में दर्ज कराई गई थी। वहीं एक महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे पहले फोन पर धमकी दी गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें http://www.deshharpal.com

