जयपुर। जयपुर में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम ने क्विक कॉमर्स कंपनियों Zepto और Blinkit के डार्क स्टोर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों स्टोर में बड़ी मात्रा में खराब, क्षतिग्रस्त और एक्सपायरी डेट के खाद्य उत्पाद मिले। टीम ने ऐसे खाद्य उत्पादों को मौके पर ही नष्ट करवाया।
अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित स्टोरेज और तापमान मानकों की भी जांच की गई। कुछ खाद्य उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
Zepto के डार्क स्टोर में 1,550 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट मिले
रामनगरिया विस्तार के ए-ब्लॉक स्थित मैसर्स जे.डी.एस. मार्केटिंग के वेयरहाउस का टीम ने निरीक्षण किया। यहां कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर में डेयरी प्रोडक्ट रखने का तापमान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षित स्टोरेज के लिए तापमान करीब 5 डिग्री या उससे कम होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान फ्रिज का तापमान 6 से 14 डिग्री तक पाया गया।
इसके बाद सरस और अमूल के दूध, दही और छाछ के करीब 1,550 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए गए।

7 किलो एक्सपायरी फूड प्रोडक्ट भी मिले
जांच के दौरान करीब 7 किलोग्राम एक्सपायरी डेट के खाद्य उत्पाद मिले। इनमें मूसली, कैंडी और भुजिया समेत अन्य सामान शामिल था। टीम ने इन्हें भी मौके पर नष्ट करवाया।
इसके अलावा डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला और जर्दा थूकने के निशान भी मिले। अधिकारियों ने स्टोर प्रबंधन को तत्काल सफाई और व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।
स्टोर मैनेजर की मौजूदगी में पीनट बटर और शहद के सैंपल भी लिए गए। इन्हें जांच के लिए सेंट्रल लैब भेजा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस डार्क स्टोर से रोजाना करीब 500 ऑर्डर की डिलीवरी की जाती है।
Blinkit के स्टोर में 800 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट नष्ट
इसके बाद सेंट्रल टीम ने आदर्श नगर स्थित Blinkit के डार्क स्टोर पर दोपहर करीब 1 बजे कार्रवाई की। यहां करीब 800 पैकेट डेयरी प्रोडक्टके साथ बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायरी डेट के खाद्य उत्पाद मिले।
जांच के दौरान कोल्ड स्टोर का तापमान 32 डिग्री पाया गया, जबकि अधिकारियों के मुताबिक खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के लिए यहां करीब 5 डिग्री या उससे कम तापमान होना चाहिए।
बटर, जूस और दूध के खराब पैकेट भी मिले
कार्रवाई के दौरान टीम को 24 पैकेट अमूल बटर, 60 बोतल बॉम्बे बंटा जूस, लो-फैट दूध के 11 पाउच, ट्रॉपिकाना जूस और काउ घी समेत अन्य खाद्य सामग्री मिली।
इसके अलावा करीब 1,400 मिलीलीटर अमूल टोंड मिल्क के क्षतिग्रस्त और एक्सपायरी डेट वाले पैकेट भी मिले। टीम ने इन सभी खाद्य उत्पादों को मौके पर नष्ट करवाया।
दूध, घी और कार्बोनेटेड वाटर के सैंपल लिए
फूड सेफ्टी टीम ने Blinkit के डार्क स्टोर से मिल्क, फूड घी और Paper Boat कार्बोनेटेड वाटर के सैंपल भी लिए। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के कमिश्नर अविचल चतुर्वेदी के मुताबिक, खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षित स्टोरेज सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।

