पटना। बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब पानी धीरे-धीरे उतरने लगा है, लेकिन कई जिलों में हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। राज्य के 14 जिलों की 517 पंचायतें अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण करीब 41.45 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से 5 लोगों की मौत
भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मंचों देवी, सोनाक्षी कुमारी, प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार और अंशु प्रिया के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, सड़क पर पानी भरा होने के कारण गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और हादसा हो गया।
राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे पप्पू यादव
वैशाली के राघोपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करने सांसद पप्पू यादव पहुंचे। इस दौरान वह पीड़ितों को आर्थिक मदद कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद उन्हें पटना स्थित आवास लाया गया, जहां डॉक्टर ने उनका इलाज किया। पप्पू यादव ने कहा कि अगर तबीयत ठीक रही तो वह शाम 5 बजे सोनपुर में बाढ़ पीड़ितों से मिलने जाएंगे।
अररिया में आकाशीय बिजली से 3 की मौत
अररिया में भी मौसम से जुड़ी घटना में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। लगातार बारिश और बाढ़ के बीच राज्य के कई हिस्सों में लोगों को प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है।
सामान्य से 35% कम बारिश
बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इसके बावजूद कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
खाना खाने को लेकर बाढ़ पीड़ितों में मारपीट
समस्तीपुर के विद्यापतिनगर प्लस टू हाईस्कूल में बाढ़ राहत शिविर के दौरान खाना खाने को लेकर बेगूसराय और समस्तीपुर के बाढ़ प्रभावितों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज भी होती दिखाई दे रही है।
बाढ़ के बीच राहत शिविर में हुई इस घटना ने प्रशासन के सामने राहत व्यवस्था और लोगों के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

