जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने घोषणा की है कि वह नई दिल्ली के जंतर-मंतर में आयोजित होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होगी। पार्टी का दावा है कि वह देश की पहली मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी है, जिसने CJP के आंदोलन का समर्थन किया है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
JCC(J) ने कहा कि यह प्रदर्शन राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में किया जा रहा है। आंदोलन के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। पार्टी का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होना जरूरी है।
अमित जोगी का बड़ा बयान
पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हैं, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में पारंपरिक दलों के लिए टिके रहना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
उन्होंने कहा, “आज के भारत में सिर्फ कांग्रेसी होना काफी नहीं है। राजनीति में टिके रहने के लिए कॉकरोच जैसी जिजीविषा भी चाहिए।”
‘झेंगुरा’ बनकर पहुंचेंगे जंतर-मंतर
अमित जोगी ने छत्तीसगढ़ी संदर्भ देते हुए कहा कि राज्य में कॉकरोच को ‘झेंगुरा’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 6 जून को जंतर-मंतर में कॉकरोच नहीं, बल्कि गर्व के साथ ‘झेंगुरा’ बनकर पहुंचेगी।
छात्रों के मुद्दों पर समर्थन
JCC(J) ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उसका CJP के साथ जुड़ाव केवल परीक्षा अनियमितताओं और छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों तक सीमित है। हालांकि पार्टी ने भविष्य में समान विचारधारा वाले संगठनों के साथ मिलकर काम करने के संकेत भी दिए हैं।
तीसरे राजनीतिक विकल्प की बात
अमित जोगी ने कहा कि युवाओं के बीच भाजपा और कांग्रेस से अलग तीसरे राजनीतिक विकल्प की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने माना कि राजनीतिक दलों से गलतियां हुई हैं और ऐसे जन आंदोलन आत्ममंथन का मौका देते हैं।
उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं को समझना और उनका सम्मान करना जरूरी है। आंदोलन राजनीतिक दलों को आईना दिखाने का काम करते हैं और सुधार के लिए यह जरूरी भी है।
अधिक खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com
