खंडवा-इंदौर हाईवे पर छैगांवमाखन थाना क्षेत्र के ग्राम दोंदवाड़ा के पास शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आंधी के कारण सड़क पर गिरे पेड़ से एक बाइक टकरा गई। हादसे में 22 वर्षीय युवक सावन मालाकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे पति-पत्नी
जानकारी के मुताबिक, सावन मालाकार अपनी पत्नी के साथ बड़वाह से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर खंडवा लौट रहा था। परिजनों ने बताया कि दोनों की शादी महज 4 महीने पहले ही हुई थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अंधेरे में दिखाई नहीं दिया पेड़
परिजनों के अनुसार, सावन निवासी गणेश तलाई, खंडवा अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज आंधी के कारण हाईवे पर एक पेड़ गिर गया था। रात का अंधेरा होने की वजह से सावन को सड़क पर पड़ा पेड़ दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे उससे जा टकराई।
सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सावन बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई और ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी को भी चोटें आई हैं।
घायल पत्नी हाईवे पर मांगती रही मदद
हादसे के बाद घायल पत्नी अपने पति को उठाने की कोशिश करती रही। उसने राहगीरों से मदद भी मांगी, लेकिन रात का समय होने के कारण हाईवे पर ट्रैफिक बहुत कम था। पति को बचाने की कोशिश में वह खुद भी खून से लथपथ हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
शनिवार दोपहर जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज में सावन के शव का पोस्टमार्टम किया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
अधिक खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com
