खंडवा में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर नर्मदानगर ओवरब्रिज से करीब 200 फीट नीचे गिर गई। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
इंदिरा सागर बांध के पास हुआ हादसा
यह हादसा खंडवा-भोपाल हाईवे पर स्थित नर्मदानगर ओवरब्रिज पर हुआ। यह ओवरब्रिज इंदिरा सागर बांध के मुहाने पर बना है।
जानकारी के मुताबिक, भोपाल की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। वाहन पहले सुरक्षा जाल तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि पावर स्टेशन की रिटेनिंग वॉल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि अगर रिटेनिंग वॉल नहीं होती तो बोलेरो सीधे टरबाइन से निकलने वाले तेज बहाव वाले पानी में समा सकती थी।
200 फीट नीचे उतरकर निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम करीब 200 फीट नीचे उतरी और बोलेरो के गेट तोड़कर ड्राइवर को बाहर निकाला।
लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय अभिषेक नरगावे निवासी ग्राम अंजनिया खुर्द के रूप में हुई है।

सिर और छाती में गंभीर चोट
नर्मदानगर थाना प्रभारी विकास खिंची के मुताबिक, अभिषेक के सिर और छाती में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खुद चलाता था बोलेरो टैक्सी
परिजनों ने बताया कि बोलेरो अभिषेक की खुद की थी और वह उसे टैक्सी के रूप में चलाता था। गुरुवार रात वह सवारी छोड़ने के लिए पुनासा से राजगढ़ गया था।
वापसी के दौरान सुबह करीब 4 बजे यह हादसा हो गया। अभिषेक अविवाहित था।
👉 मध्यप्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
