Bhopal के ऐशबाग इलाके में 11वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने गुरुवार रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने दो युवकों पर छात्रा को लगातार परेशान करने और एआई (AI) से बनाए गए कथित अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शुक्रवार को परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर ऐशबाग थाने का घेराव किया।
सोशल मीडिया फोटो एडिट कर ब्लैकमेल करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक छात्रा ऐशबाग इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थी। उसके पिता बिट्टन मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाते हैं।
परिजनों का आरोप है कि छोला क्षेत्र के रहने वाले दो युवक लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहे थे।
चाचा के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया से छात्रा की तस्वीरें लेकर AI की मदद से कथित अश्लील फोटो तैयार किए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे।
परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा के पिता के साथ भी बदसलूकी की थी, लेकिन बदनामी के डर से पहले पुलिस में शिकायत नहीं की गई।

स्कूल आते-जाते पीछा करने का आरोप
परिजनों ने बताया कि आरोपी छात्रा पर मिलने का दबाव बनाते थे और स्कूल आते-जाते उसका पीछा भी करते थे।
परिवार का कहना है कि छात्रा की आरोपियों से कभी सीधी मुलाकात तक नहीं हुई थी और उसकी तस्वीरों को सोशल मीडिया से लेकर एडिट किया गया था।

छोटी बहन को बाहर भेजकर लगाई फांसी
परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात छात्रा सामान्य व्यवहार कर रही थी। उसने छोटी बहन को सामान लाने के बहाने बाहर भेजा।
इसी दौरान उसने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
जब छोटी बहन वापस लौटी तो छात्रा को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिवार ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को परिजन शव लेकर सीधे ऐशबाग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस को आरोपियों के नाम और ब्लैकमेलिंग की जानकारी देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।
ऐशबाग थाना टीआई संदीप पवार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 मध्यप्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
