खंडवा जिले के युवाओं के लिए रोजगार का शानदार अवसर सामने आया है। जिले में 4 जून को युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), सिहाड़ा रोड, आनंद नगर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
मेले में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती करेंगे। रोजगार मेले के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी और अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलेंगे।
5वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर तक कर सकेंगे आवेदन
जिला रोजगार अधिकारी लक्ष्मण सिंह सिलोटे ने बताया कि मेले में 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं पास, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 8 हजार से 20 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ बोनस और अन्य सुविधाएं भी कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।
18 से 35 वर्ष तक के युवा होंगे पात्र
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना जरूरी है। जिला रोजगार कार्यालय ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी दो-दो फोटो कॉपियां, बायोडाटा या रिज्यूमे, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन कार्ड और पासपोर्ट साइज के तीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
अभ्यर्थियों को 4 जून को सुबह 10:30 बजे शासकीय आईटीआई, सिहाड़ा रोड, आनंद नगर, खंडवा पहुंचकर साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा।
युवाओं को मिलेगा करियर बनाने का मौका
जिला रोजगार कार्यालय का कहना है कि यह मेला स्थानीय युवाओं को प्रतिष्ठित निजी कंपनियों से सीधे जुड़ने और अपने करियर को नई दिशा देने का बड़ा अवसर प्रदान करेगा।
अधिक खबरों और अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com
