मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने घर में घुसकर महिला से जबरन छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया, यहां तक कि उसका एक स्तन काट दिया और पसलियों में भी वार किया।
6 दिन से अस्पताल में जिंदगी की जंग
घटना पंधाना थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव की है। महिला पिछले 6 दिनों से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर करने की सलाह दी है।
पीड़िता का परिवार इलाज के लिए कर्ज जुटाने की कोशिश कर रहा है।
पति के पहुंचते ही भागा आरोपी
पीड़िता के पति के अनुसार, घटना 11 अप्रैल की रात करीब 12 बजे की है। वह ड्राइविंग के काम से बाहर गया हुआ था। घर लौटने पर उसने देखा कि आरोपी आकाश पटेल उसकी पत्नी से झगड़ा कर रहा था और उसके हाथ में चाकू था।
पति को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
पहले भी दे चुका था धमकी
पति ने बताया कि आरोपी पिछले एक हफ्ते से घर के आसपास मंडरा रहा था। 5 अप्रैल को भी वह शराब के नशे में घर में घुसा था और महिला को धमकी देकर गया था कि वह उसके साथ रेप करेगा।
घटना वाले दिन वह पीछे खेत की तरफ से आया, खिड़की की जाली तोड़ी और घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
व्हाट्सएप स्टेटस से मिली जानकारी
पीड़ित के मुताबिक, उसने उसी दिन व्हाट्सएप स्टेटस लगाया था कि वह बुरहानपुर जा रहा है। आरोपी ने स्टेटस देखकर समझ लिया कि घर में महिला अकेली है और उसी का फायदा उठाया।
आरोपी पर राजनीतिक संरक्षण का आरोप
परिजनों का कहना है कि आरोपी आकाश पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पटेल का भतीजा है। इसी वजह से पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 6 दिन बीतने के बाद भी FIR दर्ज नहीं की गई है, जबकि अस्पताल पुलिस और तहसीलदार बयान ले चुके हैं।
पुलिस का अलग दावा
वहीं, चौकी प्रभारी अविनाश भोपले का कहना है कि उनके पास ऐसा कोई मामला दर्ज कराने नहीं आया। अस्पताल से सूचना जरूर मिली थी, लेकिन MLC रिपोर्ट में इसे पति-पत्नी का आपसी विवाद बताया गया।
परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
पीड़िता के पति ने SP से भी शिकायत की है और न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस-प्रशासन उनकी मदद करने के बजाय उन्हें ही परेशान कर रहा है।
👉 ऐसी ही जमीनी और बेबाक खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
