नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को उत्तर दिल्ली स्थित नजफगढ़ ड्रेन पर नए पैदल पुल (फुटब्रिज) के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह फुटब्रिज अगले सात महीनों में तैयार होने की संभावना है।
कई इलाकों को मिलेगा सीधा संपर्क
नया फुटब्रिज बनने के बाद गुड़ मंडी, राजपुरा, रूप नगर, मुखर्जी नगर और यमुना मार्ग के बीच आवागमन आसान हो जाएगा। इससे विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय निवासियों को ड्रेन पार करने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ता मिलेगा। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस पुल की मांग कर रहे थे।
नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही सरकार
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह परियोजना दिल्ली सरकार की सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक आधारभूत ढांचे के विकास की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्षों से लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
राजधानी के पुलों का कराया जा रहा सुरक्षा ऑडिट
प्रवेश वर्मा ने कहा कि कुछ महीने पहले हुई एक पुल दुर्घटना के बाद राजधानी में पुलों की नियमित स्ट्रक्चरल ऑडिट की आवश्यकता और अधिक स्पष्ट हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में पुलों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट नहीं कराया गया, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण संरचनाओं की समय पर जांच नहीं हो सकी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार दिल्ली के सभी पुलों, फ्लाईओवरों और फुटओवर ब्रिजों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट करा रही है। उनका कहना है कि सरकार संभावित जोखिमों को पहले से पहचानकर समय रहते आवश्यक कदम उठा रही है, ताकि राजधानी में सुरक्षित, टिकाऊ और जनहितैषी आधारभूत ढांचा विकसित किया जा सके।
दिल्ली और देश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com

