भोपाल: भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को भोपाल स्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रममें शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया।
यह कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसमें मध्यप्रदेश के छात्र-छात्राओं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद और चर्चा की जाएगी।
छात्र संगठनों के बीच संवाद पर जोर
NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि छात्र और युवा वर्ग से जुड़े मुद्दे किसी एक संगठन या विचारधारा तक सीमित नहीं हैं। ये प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं।
उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों के बीच संवाद और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा लोकतांत्रिक छात्र राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
शिक्षा, रोजगार और छात्र अधिकारों पर होगी चर्चा
रवि परमार के अनुसार, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज को प्रमुखता से सामने लाना है। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों में सुविधाओं, छात्र अधिकारों और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद के माध्यम से छात्र-युवा वर्ग की समस्याओं और अपेक्षाओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
ABVP पदाधिकारियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
NSUI जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने ABVP पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने संगठन के छात्र प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम में शामिल हों। उन्होंने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सभी संगठन अपनी बात रखें, ताकि विद्यार्थियों से संबंधित विषयों पर व्यापक चर्चा हो सके।
तोमर के मुताबिक, अलग-अलग छात्र संगठनों के विचार सामने आने से छात्रों की वास्तविक समस्याओं को समझने और उन पर संवाद आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमित हाटिया, आर्यन मंडलोई, लकी चौबे, धीरज वर्मा और टीआईटी कॉलेज अध्यक्ष हर्ष पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


