नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में बुधवार को NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और बाद में लाठीचार्ज का सहारा लिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
NSUI कार्यकर्ता सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले थे। पुलिस ने सांसद बंगले से पहले ही बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया था। प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।


विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फटा
प्रदर्शन के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी मौजूद थे। झड़प के बीच उनका कुर्ता फट गया। उग्र होती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की।
इसके बाद जब प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, तब पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में 6 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं 12 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर बाद में मुचलके पर छोड़ दिया गया।

पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा
सिविल लाइन CSP निमितेश सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान धक्कामुक्की में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी का इलाज कराया जा रहा है।

NSUI ने पुलिस कार्रवाई को बताया बर्बर
सिम्स अस्पताल में घायल छात्रों से मिलने पहुंचे NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों पर FIR दर्ज की गई तो संगठन भी संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।

भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने
भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस और NSUI पर निशाना साधते हुए कहा कि “यूथ कांग्रेस गुंडों की टोली बन चुकी है। जब उनकी सरकार थी तब भ्रष्टाचार पर सवाल क्यों नहीं उठाए गए?”
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि 50 से अधिक छात्र और कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कांग्रेस ने घटना की न्यायिक जांच की मांग की है।
परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग
NSUI और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ यह प्रदर्शन किया गया। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
देश-दुनिया और मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

