पटना। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 19,324 वोटों के अंतर से हराया।
प्रशांत किशोर को 64,151 वोट (49.23%) मिले, जबकि भाजपा के नीरज सिन्हा को 44,827 वोट (34.40%) प्राप्त हुए। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा कुमारी 14,273 वोट (10.95%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। उनकी कुल वोट संख्या भी प्रशांत किशोर की जीत के अंतर से कम रही।
भाजपा की पारंपरिक सीट पर बदला समीकरण
बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन ने इसी सीट से 51 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई और उपचुनाव कराया गया।
इस बार उपचुनाव में कुल 1,30,313 वोट पड़े, जो करीब 34.30 प्रतिशत मतदान रहा। इनमें लगभग हर दूसरा वोट प्रशांत किशोर के पक्ष में गया।

भाजपा और राजद के संयुक्त वोटों से भी आगे रहे प्रशांत
चुनाव परिणामों में सबसे दिलचस्प तथ्य यह रहा कि भाजपा और राजद के उम्मीदवारों को मिले कुल वोट 59,100 रहे, जबकि अकेले प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले। यानी उन्होंने दोनों प्रमुख दलों के संयुक्त वोटों से भी 5,051 अधिक वोट हासिल किए।
NOTA के पक्ष में 646 वोट (0.50%) पड़े, जबकि शीर्ष तीन उम्मीदवारों के बाद कोई भी प्रत्याशी 1,000 वोट का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
जीत के बाद क्या बोले प्रशांत किशोर
जीत के बाद प्रशांत किशोर ने इसे जनता का स्पष्ट संदेश बताते हुए बिहार में बेहतर नेतृत्व की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य को ऐसा नेतृत्व मिलना चाहिए जो शिक्षा, रोजगार और विकास पर ध्यान दे, ताकि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
उन्होंने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए भी वह आगे और मेहनत करेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बांकीपुर की जनता ने जन सुराज को चुना है और वह जनता के फैसले का सम्मान करते हुए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
बिहार और देश की राजनीति से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए विजिट करें –deshharpal.com


