जयपुर। राजस्थान के 162 नगरीय निकायों—नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं—में पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान हुआ। शाम 6 बजे वोटिंग समाप्त होते ही राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाड़ेबंदी की तैयारी शुरू कर दी। मतदान खत्म होने के बाद कई प्रत्याशियों को पार्टी कार्यालयों और तय स्थानों पर बुलाया गया।
भीलवाड़ा में BJP के 70 प्रत्याशी पार्टी ऑफिस पहुंचे
भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों में मतदान समाप्त होने के बाद भाजपा ने अपने सभी 70 प्रत्याशियों को पार्टी कार्यालय बुलाया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रत्याशियों को फोन कर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए।
कई प्रत्याशी बैग में जरूरी कपड़े और सामान लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचते नजर आए। माना जा रहा है कि इसके बाद उन्हें किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी है। पार्टी हाईकमान के निर्देशों के बाद प्रत्याशियों को मतगणना तक एकजुट रखने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
वहीं, कांग्रेस ने भीलवाड़ा में 53 वार्डों में अधिकृत प्रत्याशी उतारे थे। मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों को अभी तक पार्टी की ओर से किसी तरह का फोन आने की जानकारी सामने नहीं आई है।
भीलवाड़ा में 154 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। इनमें कई प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों को सीधी चुनौती दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ में समर्थकों के साथ BJP प्रत्याशी पार्टी ऑफिस पहुंचे
चित्तौड़गढ़ में मतदान समाप्त होते ही भाजपा प्रत्याशियों को पार्टी कार्यालय बुलाया गया। प्रत्याशी अपने समर्थकों और जरूरी सामान के साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा के बाद वे अलग-अलग गाड़ियों से रवाना हो गए।
राजनीतिक हलकों में इसे चुनाव के बाद शुरू हुई बाड़ेबंदी की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टियां अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने और मतगणना तक उनके संपर्क में रहने की रणनीति पर काम कर रही हैं।
महवा में BJP के 35 प्रत्याशी बस से जयपुर रवाना
दौसा जिले की महवा नगर पालिका में भी मतदान खत्म होते ही प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू हो गई। भाजपा के 35 प्रत्याशियों को महवा विधायक राजेंद्र मीणा बस में बैठाकर जयपुर के लिए रवाना हुए।
भाजपा की ओर से प्रत्याशियों को एकजुट रखने के साथ-साथ आगे की राजनीतिक रणनीति पर भी काम किया जा रहा है।
कांग्रेस प्रत्याशियों को निजी होटल में बुलाया
महवा में कांग्रेस के 34 प्रत्याशियों को हिंडौन रोड स्थित एक निजी होटल में बुलाया गया है। माना जा रहा है कि यहां प्रत्याशियों को एकजुट रखने और नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
वहीं, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विजय बोहरा 22 निर्दलीय प्रत्याशियों को लेकर दिल्ली की ओर रवाना हो गए। ऐसे में महवा में चुनावी नतीजों से पहले ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मतगणना से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में मतदान खत्म होने के बाद अब सभी दलों की नजर संभावित बहुमत और अध्यक्ष पद के समीकरण पर है। प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी को इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अब मतगणना के दिन ही तस्वीर साफ होगी कि किस दल को कितनी सफलता मिलती है और अध्यक्ष पद के लिए किस तरह के समीकरण बनते हैं।


