मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव ने महिला स्टाफ के साथ बदसलूकी की, बैड टच किया और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। घटना के विरोध में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर अस्पताल के मुख्य गेट पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। बाद में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

रात 2 बजे मरीज के इलाज के दौरान हुआ विवाद
पीड़ित महिला स्टाफ के अनुसार, गुरुवार रात करीब 2 बजे लक्ष्मी तिवारी नाम की मरीज को इलाज के लिए बीएमसी लाया गया था। मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही इलाज को लेकर लगातार फोन किए जा रहे थे। इलाज के दौरान मरीज के साथ आए लोगों ने अस्पताल स्टाफ से कथित रूप से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
महिला स्टाफ का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया। एक व्यक्ति ने बैड टच किया और अस्पताल के बाहर गोली मारने की धमकी दी। पीड़ितों का कहना है कि धमकी देने वाला व्यक्ति अनिल श्रीवास्तव था।

‘पुलिस आई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई’
महिला कर्मचारियों का कहना है कि घटना की जानकारी रात में ही पुलिस और अस्पताल प्रबंधन को दे दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सुरक्षा कर्मी मरीज और उसके साथ आए लोगों को अस्पताल से बाहर भेज चुके थे। आरोप है कि पुलिस बिना कार्रवाई किए लौट गई।
स्टाफ का कहना है कि यदि अस्पताल में ही डॉक्टर और नर्स सुरक्षित नहीं रहेंगे तो मरीजों की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
JDA ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) मध्य प्रदेश ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कॉलेज प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाए हैं।
JDA ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
डॉक्टरों की प्रमुख मांगें
- अस्पताल में महिला डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
- पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं।
- आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
- अस्पताल परिसर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
BJP नेता ने आरोपों से किया इनकार
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे केवल अपने गांव के एक मरीज को देखने अस्पताल गए थे और समय पर इलाज करने की बात कही थी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी भी डॉक्टर या महिला कर्मचारी से अभद्रता नहीं की। यदि वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं तो उनकी जांच कराई जाए, जिससे पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि इलाज के दौरान अस्पताल स्टाफ से अभद्रता की शिकायत मिलने के बाद अनिल श्रीवास्तव और लक्ष्मी तिवारी के खिलाफ गोपालगंज थाने में छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अधिक जानकारी और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com

