सागर के देवरी थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़ी एक कार में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के बाद मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, संजय नगर निवासी देवेंद्र साहू बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे कार से सागर जा रहे थे। उन्हें रिजर्वेशन के काम से सागर जाना था। चीमाढाना के पास अचानक उनकी कार चलते-चलते बंद हो गई।
देवेंद्र ने कार को कई बार स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन वह चालू नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कार को हाईवे के किनारे लॉक किया और मैकेनिक लेने के लिए देवरी चले गए।
मैकेनिक के साथ लौटे तो जल चुकी थी कार
देवेंद्र सुबह करीब 9 बजे मैकेनिक को लेकर वापस चीमाढाना पहुंचे। वहां का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। हाईवे किनारे खड़ी उनकी कार आग की चपेट में आ चुकी थी और पूरी तरह जलकर राख हो गई थी।
देवेंद्र के मुताबिक कार MP 15 CC 3078 उनके बेटे नमन साहू के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार में आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं हो सकी है।
आग के कारणों की जांच कर रही पुलिस
देवरी थाने के एसआई समरथ सीनम ने बताया कि डायल-112 के जरिए चीमाढाना में कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर ली है। कार में आग लगने की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।

