सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया में पानी के किराये को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राम सभा की बैठक के दौरान रोजगार सहायक और प्रभारी सचिव के साथ जमकर मारपीट कर दी गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों द्वारा हमला करते हुए देखा जा सकता है।
पानी के पैसे मांगने पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, ग्राम पड़रिया में पदस्थ रोजगार सहायक और अतिरिक्त सचिव मुकेश कुर्मी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गांव में पानी की कमी के चलते 17 अप्रैल से पंचायत द्वारा साहब सिंह चौहान के निजी बोर से किराये पर पानी लिया जा रहा था।
ग्राम सभा के दौरान हुआ विवाद
5 जून की दोपहर मुकेश पंचायत भवन में ग्राम सभा की बैठक में व्यस्त थे। इसी दौरान साहब सिंह चौहान वहां पहुंचे और पानी के किराये की राशि मांगने लगे। मुकेश ने सरपंच से बात कर भुगतान कराने की बात कही, जिससे साहब सिंह नाराज हो गए।

डंडे, लात-घूंसों से की पिटाई
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर साहब सिंह का भाई गुड्डू उर्फ इमरत सिंह चौहान और उनके बेटे नीतेश व निशांत भी मौके पर पहुंच गए। चारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मुकेश कुर्मी के साथ मारपीट की।
पीड़ित के मुताबिक, गुड्डू ने डंडे से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की गई।
सरकारी दस्तावेज भी फाड़े
मारपीट के दौरान आरोपियों ने पंचायत भवन में रखे सरकारी रजिस्टर और अन्य दस्तावेज भी फाड़ दिए। घटना के समय मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने पीड़ित प्रभारी सचिव की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सचिवों और रोजगार सहायकों में नाराजगी
घटना के विरोध में रोजगार सहायकों और पंचायत सचिवों ने सागर एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया ह
अधिक खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
