सागर। मध्य प्रदेश के सागर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक महिला का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरी। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की सतर्कता और रेल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22912 हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना होने ही वाली थी। इसी दौरान एक महिला यात्री दौड़कर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। ट्रेन चलने लगी थी, तभी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई।
घटना देखकर यात्रियों ने तुरंत शोर मचाया और ट्रेन में सवार एक यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और यात्रियों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस दौरान करीब 15 मिनट तक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर रुकी रही। राहत की बात यह रही कि ट्रेन ने गति नहीं पकड़ी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जांच के बाद महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

