असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अनुसार, हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन को डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन पर लिया जा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई, जिसके बाद इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
लोको पायलट का वीडियो आया सामने
हादसे के बाद करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। इसमें ट्रेन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के उपकरण नजर आ रहे हैं।
वीडियो में लोको पायलट की आवाज भी सुनाई दे रही है। वह कह रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है और सिग्नल फेल है। साथ ही इमरजेंसी सिस्टम और एस9-ए9 के काम नहीं करने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, वीडियो में कही गई बातों और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रेलवे अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। यात्रियों को ट्रेन से सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे की ओर से प्रभावित यात्रियों के आगे के सफर के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे की ओर से जांच की जाएगी।









































