प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को इंदौर में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम की जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम सांदीपनी शा. अहिल्याश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मंत्री तुलसीराम सिलावट, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, कार्यक्रम संभाग प्रभारी सूरज केरो, नगर सहप्रभारी दीपक जैन टीनू और जिला शिक्षा अधिकारी सौरी मल्होत्रा की मौजूदगी में हुआ।
2047 का भारत कैसा हो, बच्चों ने चित्रों में बताया
कार्यक्रम में मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि विकसित भारत की कल्पना को लेकर युवाओं और विद्यार्थियों से बेहतर सुझाव लिए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से देश के भविष्य को लेकर अपनी सोच सामने रखने की बात कही।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को प्रधान सेवक मानकर जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर काम करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थी हैं और यह जानना जरूरी है कि 2047 में युवा भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों से सुझाव लिए गए।
2 हजार से ज्यादा बच्चों ने बनाए चित्र
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि प्रदर्शनी में 2 हजार से ज्यादा बच्चों द्वारा बनाए गए चित्र लगाए गए हैं। विद्यार्थियों ने ड्राइंग शीट पर अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरते हुए भविष्य को लेकर अपना विजन सामने रखा।
प्रदर्शनी में बच्चों ने महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति, किसानों और गांवों के विकास जैसे विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके अलावा साइंस और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई चित्र भी प्रदर्शनी में देखने को मिले।
इंदौर के 2162 स्कूलों में हुई चित्रकला प्रतियोगिता
कार्यक्रम संयोजक विधायक महेंद्र हार्डिया ने बताया कि इंदौर के 2162 स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य भावी पीढ़ी की सोच को समझना और 2047 के विकसित भारत को लेकर उनके विचार सामने लाना है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा चित्र’ के माध्यम से शहर के युवा विद्यार्थियों से उनके सुझाव लिए जा रहे हैं।
टेक्नोलॉजी के दौर में देश के लिए योगदान पर फोकस
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने युवाओं से टेक्नोलॉजी के इस दौर में देश के लिए बेहतर काम करने और विकास में अपना योगदान देने पर फोकस करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच और उनके सुझाव विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकते हैं।


