हरियाणा के करनाल जिले में मंगलवार शाम तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौत हो गई। हादसा घोघड़ीपुर रोड पर श्रीजी के पास हुआ। टक्कर लगने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 58 वर्षीय नरेश कुमार के रूप में हुई है। वह किराना की दुकान चलाते थे और दो बच्चों के पिता थे। हादसे के बाद कार चालक क्षतिग्रस्त गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे नरेश
जानकारी के अनुसार, नरेश कुमार मंगलवार शाम अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह घोघड़ीपुर रोड पर श्रीजी के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि नरेश सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन सुरेश कुमार के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद नरेश को करनाल के अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, टक्कर मारने के बाद कार चालक अपनी स्विफ्ट मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवाया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने सुरेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।










































