नई दिल्ली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद सुर घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घाट पर आने वाले किसी भी श्रद्धालु और व्रती को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे इंतजामों का जायजा लिया।
सुरक्षा और बैरिकेडिंग के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि छठ पूजा के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए उचित बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने शाम और सुबह भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान घाट परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने को कहा। इसके साथ ही घाट और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पीने के पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में कर सकेंगे छठ पूजा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है। सरकार की प्राथमिकता है कि सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिले।
उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि लोग शांतिपूर्ण माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

