दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत, कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए राजधानी में 4 दिसंबर से ‘भारत बिएनाले 2026’ का आयोजन किया जाएगा। 108 दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय कला महोत्सव में दिल्ली के 22 से अधिक ऐतिहासिक स्मारक, संग्रहालय, कला दीर्घाएं और सार्वजनिक स्थल शामिल होंगे। पुराना किला इसका मुख्य आयोजन केंद्र रहेगा।
सोमवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सह-अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘द इंडिया बिएनाले 2026’ दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय कला और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम होगा। वेनिस बिएनाले की तर्ज पर आयोजित इस महोत्सव में भारतीय कला, वास्तुकला, डिजाइन और सांस्कृतिक विविधता को वैश्विक मंच मिलेगा। हालांकि, आयोजन की अपनी विशिष्ट भारतीय पहचान होगी।
लाल किले से कुतुब मीनार तक दिखेगी कला-संस्कृति की झलक
भारत बिएनाले का आयोजन 4 दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 तक होगा। पुराना किला इसका मुख्य स्थल रहेगा। इसके अलावा लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा, लोधी गार्डन, महरौली, हौज खास और अग्रसेन की बावली जैसे ऐतिहासिक स्थल भी आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
राष्ट्रीय संग्रहालय, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और ललित कला अकादमी में भी विभिन्न कला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘तत् त्वम् असि’ होगी आयोजन की केंद्रीय थीम
बिएनाले की केंद्रीय थीम ‘तत् त्वम् असि’ रखी गई है। इसका उद्देश्य व्यक्ति, समाज और सांस्कृतिक जड़ों के बीच संबंध को मजबूत करना है। आयोजन के चार प्रमुख आयाम आत्मचिंतन, नई ऊर्जा, नवीनता और लचीलापन होंगे।
इसके तहत कला प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, हेरिटेज वॉक, कार्यशालाओं, संवाद कार्यक्रमों और स्टूडेंट बिएनाले का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन स्थलों के लिए बनेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
मुख्यमंत्री ने शहरी विकास विभाग के सचिव को आयोजन का नोडल अधिकारी बनाने और संबंधित विभागों में वरिष्ठ संपर्क अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग, डीटीसी, डीटीटीडीसी और डीएमआरसी मिलकर विशेष यातायात प्रबंधन योजना तैयार करेंगे।
पुराना किला, लाल किला, सफदरजंग मकबरा, लोधी गार्डन और कुतुब मीनार सहित प्रमुख स्थलों पर उद्घाटन समारोह और सप्ताहांत के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
