भारतीय महिला क्रिकेटर सब्बिनेनी मेघना ने 30 साल की उम्र में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। आंध्र प्रदेश की रहने वाली मेघना ने साल 2016 में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने 3 वनडे और 17 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले। इसके अलावा, वह महिला प्रीमियर लीग (WPL) के तीन सीजन में भी मैदान पर उतरीं।
संन्यास के बाद मेघना युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और क्रिकेट के विकास में योगदान करना चाहती हैं।
अब युवा खिलाड़ियों को तैयार करना चाहती हैं मेघना
संन्यास की घोषणा करते हुए मेघना ने कहा कि क्रिकेट का मैदान उनके लिए दूसरे घर जैसा रहा है। इस खेल ने उन्हें मुश्किल परिस्थितियों में डटे रहना सिखाया और ऐसी दोस्तियां दीं, जिन्हें वह जीवनभर याद रखेंगी।
मेघना ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ी के रूप में उनका सफर भले ही खत्म हो रहा है, लेकिन क्रिकेट से उनका जुड़ाव बना रहेगा। वह भविष्य में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और उन्हें सही दिशा दिखाने में अपनी भूमिका निभाना चाहती हैं।
20 साल की उम्र में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
मेघना ने 20 नवंबर 2016 को वेस्टइंडीज के खिलाफ विजयवाड़ा में टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट से डेब्यू किया था। अपने पहले मैच में उन्होंने 16 गेंदों पर 17 रन बनाए, हालांकि भारतीय टीम को 31 रन से हार का सामना करना पड़ा।
वनडे इंटरनेशनल में उन्हें पदार्पण का मौका करीब पांच साल बाद मिला। फरवरी 2022 में न्यूजीलैंड के क्वीन्सटाउन में उन्होंने अपना पहला वनडे खेला। इस मुकाबले में मेघना 14 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बना सकीं।
हालांकि, अगले दो मैचों में उन्होंने शानदार वापसी की। दूसरे वनडे में 50 गेंदों पर 49 रन बनाए, जबकि तीसरे वनडे में 41 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली।
घरेलू क्रिकेट में भी दिखाया दम
इंटरनेशनल क्रिकेट में जगह बनाने के लिए मेघना ने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया। 2021-22 के सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट में रेलवे की ओर से खेलते हुए उन्होंने 6 मैचों में 388 रन बनाए और प्रतियोगिता की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं।
इस दौरान मेघना ने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए। टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 142 रन रहा।
एशिया कप विजेता टीम का हिस्सा रहीं
मेघना भारतीय महिला टीम का हिस्सा थीं, जिसने 2016 और 2022 में महिला टी-20 एशिया कप का खिताब जीता था। साल 2022 में उन्हें बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टीम में भी जगह मिली।
यह टूर्नामेंट भारतीय महिला क्रिकेट के लिए खास था, क्योंकि पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला टी-20 क्रिकेट को शामिल किया गया था। भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली और सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
17 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में बनाए 258 रन
मेघना ने भारत के लिए 17 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 258 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 रन रहा और उन्होंने एक अर्धशतक लगाया।
उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला अक्टूबर 2022 में थाईलैंड के खिलाफ था। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला।
WPL में गुजरात जायंट्स से शुरुआत, RCB के साथ जीता खिताब
इंटरनेशनल क्रिकेट के अलावा मेघना ने महिला प्रीमियर लीग में भी हिस्सा लिया। उन्होंने 2023 में WPL के पहले सीजन में गुजरात जायंट्स की ओर से खेलना शुरू किया।
इसके बाद वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से जुड़ीं और 2024 तथा 2025 के सीजन में टीम का हिस्सा रहीं। मेघना ने WPL में कुल 15 मैच खेले, जिनमें 302 रन बनाए। इस लीग में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 53 रन रहा। RCB के साथ रहते हुए उन्होंने टीम की खिताबी सफलता भी देखी।


