रायपुर। VIP रोड स्थित एटमॉस्फीरिया द कोर्टयार्ड किचन रेस्टोरेंट के मैनेजर के खिलाफ मारपीट के आरोप में FIR दर्ज की गई है। कारोबारी साहिल तायल का आरोप है कि कोयले के बकाया 20 हजार रुपए मांगने पहुंचने पर मैनेजर प्रशांत ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और डंडे से पिटाई कर दी। घटना में साहिल के बाएं गाल, कान और पैर में चोट आई है। तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो महीने से नहीं मिला था कोयले का भुगतान
शिकायतकर्ता साहिल तायल मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के कांटाबांजी के रहने वाले हैं। फिलहाल वह रायपुर के फूलचौक स्थित RDA बिल्डिंग के लॉज में रहते हैं। साहिल लकड़ी और कोयले का कारोबार करते हैं।
उनके मुताबिक, करीब दो महीने पहले उन्होंने एटमॉस्फीरिया रेस्टोरेंट में 20 हजार रुपए का लकड़ी का कोयला बेचा था। भुगतान नहीं मिलने पर वह 31 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे बकाया रकम मांगने रेस्टोरेंट पहुंचे थे।
सोमवार को आने की बात कहकर गाली-गलौज का आरोप
साहिल ने पुलिस को बताया कि रेस्टोरेंट पहुंचकर उन्होंने मैनेजर प्रशांत से बकाया पैसे मांगे। इस पर मैनेजर ने फिलहाल पैसे नहीं होने की बात कहते हुए सोमवार को आने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान मैनेजर गाली-गलौज करने लगा।
साहिल ने इसका विरोध किया तो उन्हें रेस्टोरेंट से बाहर निकाल दिया गया। कारोबारी का आरोप है कि इसके बाद मैनेजर ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों के साथ डंडे से हमला कर दिया।
कर्मचारियों के सामने मारपीट करने का दावा
कारोबारी के मुताबिक, घटना के समय रेस्टोरेंट के अन्य कर्मचारी भी वहां मौजूद थे। मारपीट में उनके बाएं गाल, कान और पैर में चोट आई है।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले में एटमॉस्फीरिया द कोर्टयार्ड किचन प्रबंधन से भी बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई पक्ष सामने नहीं आया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

