रायपुर में सितार गुटखा कारोबार से जुड़े एक ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने मंगलवार को छापेमारी की। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद अधिकारियों की टीम तीन गाड़ियों से कारोबारी के ठिकाने पर पहुंची। टीम ने गोदाम में रखे गुटखा स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की।
गोदाम में मिले 50 से ज्यादा बोरे
जानकारी के मुताबिक, शदाणी दरबार मार्केट में स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में सितार गुटखा रखे होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को गोदाम से 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा मिले।
अधिकारियों की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोदाम में रखा गुटखा किसका है और इसका कारोबार किसके जरिए संचालित किया जा रहा था। मौके पर गोदाम मालिक और कुछ अन्य लोगों को बुलाकर पूछताछ भी की गई।
पूरी कार्रवाई की DGGI टीम ने वीडियो रिकॉर्डिंग भी की है।
महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद पहुंची टीम
बताया जा रहा है कि DGGI अधिकारियों को महाराष्ट्र से इस गुटखा कारोबार को लेकर इनपुट मिला था। इसके बाद टीम रायपुर पहुंची और तीन वाहनों में कारोबारी से जुड़े ठिकाने पर दबिश दी।
फिलहाल दस्तावेजों और स्टॉक की जांच के साथ ही अधिकारियों की पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद गुटखे के स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकती है।
‘गुटखा किंग बंटी’ से जुड़ रहे तार
DGGI सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में मंगलवार दोपहर कार्रवाई की गई, वहां मिला गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बंटी का दुर्ग में एक पार्टनर है, जिसके ठिकानों पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, बंटी महाराष्ट्र से अपना कारोबार संचालित कर रहा है। महाराष्ट्र के कल्याण के पास उसकी फैक्ट्री होने की बात सामने आई है। वहां से गुटखा तैयार करवाकर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

