सीहोर के अहमदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सीलखेड़ा से मुंगावली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक खदान के पानी में डूबने से 16 वर्षीय अतुल अहिरवार की मौत हो गई। अतुल सीलखेड़ा गांव का रहने वाला था।
विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चला गया
जानकारी के मुताबिक, अतुल गांव के अन्य लोगों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए खदान के पानी में गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अतुल को पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद उसे निजी वाहन से अहमदपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दोराहा स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था और पुलिस करीब दो घंटे की देरी से पहुंची।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले साल इसी स्थान पर गणेश विसर्जन के दौरान दो पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, लेकिन इस बार मौके पर कोई जवान मौजूद नहीं था।
हालांकि, पुलिस की ओर से पुलिस के पहुंचने में देरी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी।



