इंदौर में बस स्टैंड के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था की जांच के लिए शनिवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों पर जरूरी दस्तावेज और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं अधूरी मिलीं।
कहीं कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र नहीं थे तो कहीं पानी और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। नीलकंठ भोजनालय में निरीक्षण के दौरान रोटी समाचार-पत्र पर रखी मिली। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 8 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए हैं।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के आयुक्त के निर्देशन और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
भारतीय भोजनालय में कई जरूरी दस्तावेज नहीं मिले
साउथ तुकोगंज स्थित भारतीय भोजनालय के निरीक्षण में खाद्य कर्मियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं मिली।
इन कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना नोटिस जारी किया जा रहा है।
साईं प्रसाद डाइनिंग हॉल में रखरखाव पर सवाल
रानी सराय स्थित साईं प्रसाद डाइनिंग हॉल में भी मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा खाद्य परीक्षण और पानी की जांच रिपोर्ट भी मौके पर नहीं थी।
निरीक्षण में कच्चे खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव की व्यवस्था और खाद्य सुपरवाइजर प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिला। टीम ने यहां से मिर्ची पाउडर और हल्दी पाउडर के दो नमूने लिए।
नीलकंठ भोजनालय में अखबार पर रखी मिली रोटी
नीलकंठ भोजनालय में कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान रोटी समाचार-पत्र पर रखी हुई मिली।
खाद्य सुरक्षा टीम ने यहां से पनीर और चावल के दो नमूने भी जांच के लिए लिए हैं।
जेके ट्रेडर्स से तेल और दाल के 4 सैंपल
सिंधी कॉलोनी स्थित जेके ट्रेडर्स से टीम ने सोयाबीन तेल, तिल का तेल, मूंग दाल और तुअर दाल के चार नमूने लिए।
इस तरह अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी 8 खाद्य नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


