हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरुक्षेत्र पहुंचे। देर शाम उन्होंने ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान ड्रोन शो के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के लिए 120 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की घोषणा भी की।
ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी गेट पर बनेगा सर्किट हाउस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी गेट पर सर्किट हाउस बनाने की घोषणा की। इस परियोजना पर करीब 120 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सरकार के अनुसार, इस निर्माण से कुरुक्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जलाया आशीर्वाद का दीया
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुरुषोत्तमपुरा बाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आशीर्वाद का दीया जलाया।
इसके बाद उन्होंने ब्रह्मसरोवर की आरती में भी हिस्सा लिया। शंख ध्वनि के बीच मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर की आरती की।
गुरुद्वारा सचखंड ईशर सिंह दरबार साहिब पहुंचे थे CM
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह गुरुद्वारा सचखंड ईशर सिंह दरबार साहिब, जुरासी खुर्द पहुंचे। यहां उन्होंने संत बाबा ईशर सिंह की 51वीं बरसी पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुरुद्वारा पहुंचने पर मुख्य सेवादार बाबा मणि सिंह ने मुख्यमंत्री को सिरोपा भेंट किया। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा ईशर सिंह ने भारत के गांवों और शहरों के साथ-साथ विदेशों में भी गुरमत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
गरीबों, किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर
सुबह मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिला है, जिसने गरीबों को सशक्त बनाने, महिलाओं को सुरक्षित रखने और किसानों सहित समाज के हर वर्ग को मजबूत करने के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के निर्माण और विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
विश्वकर्मा जयंती का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा जयंती का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने पूरी दुनिया के निर्माण में योगदान दिया। उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देश के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
हरियाणा और देश-दुनिया की प्रमुख खबरों के लिए Desh Har Pal वेबसाइट पढ़ते रहें।
7



