मंदसौर में 32 वर्षीय इस्माइल उर्फ भूरा की हत्या के मामले में पुलिस ने दो दिन बाद खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस्माइल की पत्नी मुस्कान ने अपने भाई शाकिर और देवर ईशाक के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पहले इस्माइल के सिर पर डंडे से हमला किया गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मुस्कान और शाकिर शव को बाइक पर बीच में बैठाकर करीब दो किलोमीटर दूर झाड़ियों में फेंक आए। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुस्कान का भाई शाकिर फरार है।
30 लाख रुपये के मकान को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे करीब 30 लाख रुपये कीमत के मकान को बेचने और पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद था।
पुलिस के मुताबिक, ईशाक मकान बेचकर दोनों भाइयों के अलग-अलग रहने की योजना बना रहा था, जबकि इस्माइल इसके विरोध में था। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में पहले से विवाद चल रहा था।
मायके में विवाद के बाद खेत में किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन इस्माइल शराब के नशे में फतेहगढ़ स्थित अपनी पत्नी मुस्कान के मायके पहुंचा था। वहां उसकी पत्नी और उसके भाई शाकिर से विवाद हुआ, जिसके बाद शाकिर ने उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद इस्माइल बस से चौपाल सागर के सामने स्थित शराब की दुकान के पास पहुंचा। मुस्कान ने इसकी जानकारी ईशाक को दी। ईशाक उसे ढूंढते हुए वहां पहुंचा, जबकि कुछ समय बाद मुस्कान और शाकिर भी वहां आ गए।
पुलिस के मुताबिक, तीनों को देखकर इस्माइल खेतों की ओर भागा। खेत में शाकिर ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। उसके गिरने के बाद ईशाक ने पैर और मुस्कान ने हाथ पकड़े, जबकि शाकिर ने दुपट्टे से उसका गला दबा दिया।
बाइक पर शव ले जाकर झाड़ियों में फेंका
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद ईशाक वहां से चला गया। इसके बाद मुस्कान और शाकिर ने शव को बाइक पर बीच में बैठाया और खिलचीपुरा-नालछा माता मंदिर रोड की ओर ले गए।
रास्ते में शव का पैर जमीन से टकराने लगा। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने घटना को शराब के नशे में हुए हादसे जैसा दिखाने की कोशिश की।
इसके बाद ईशाक ने पुलिस को सूचना दी कि उसका भाई खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर बेहोश पड़ा है।

खुद फरियादी बनकर पुलिस को गुमराह करने का आरोप
15 सितंबर को ईशाक की सूचना पर डायल-112 की मदद से इस्माइल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। हत्या की आशंका सामने आने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के दौरान ईशाक की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, उसने खुद फरियादी बनकर मामले को हादसा बताने की कोशिश की थी।
CCTV फुटेज में बाइक पर शव ले जाते दिखे
जांच के दौरान घटना के बाद का CCTV फुटेज भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में मुस्कान अपने भाई शाकिर के साथ काले रंग की बिना नंबर वाली स्प्लेंडर बाइक पर दिखाई दे रही है।
बाइक शाकिर चला रहा था। बीच में इस्माइल का शव बैठा था, जबकि मुस्कान पीछे से उसे पकड़े हुए थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, शाकिर की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- मोहम्मद ईशाक पिता अलीमुद्दीन मेव, उम्र 30 वर्ष, निवासी मदारपुरा
- मुस्कान पत्नी इस्माइल मेवाती, उम्र 24 वर्ष, निवासी मदारपुरा
वहीं, शाकिर पिता बब्बू खां मेव, निवासी नई फतेहगढ़, फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने दी जानकारी
एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि इस्माइल का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच में मुस्कान, शाकिर और ईशाक की भूमिका सामने आई।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के अनुसार, करीब 30 लाख रुपये कीमत के मकान को बेचने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

अपराध और मध्य प्रदेश की स्थानीय खबरों के लिए Desh Har Pal वेबसाइट पढ़ते रहें।



