चंडीगढ़ में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों को रोकने के लिए प्रशासन ने हाईलेवल कमेटी गठित की है। यह समिति परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, नकल रोकने, पेपर लीक नेटवर्क पर नजर रखने और परीक्षा के दौरान किसी भी गड़बड़ी से निपटने की रणनीति तैयार करेगी।
इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस और NTA के बीच सीधा समन्वय रखा जाएगा। केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय और NTA महानिदेशक के आदेश पर चंडीगढ़ प्रशासन ने राज्य स्तरीय समन्वय समिति बनाई है।
तकनीकी शिक्षा सचिव को समिति का नोडल अधिकारी-सह-संयोजक बनाया गया है, जबकि चंडीगढ़ पुलिस के IGP को नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है।
परीक्षा से 15 दिन पहले बनेगी सुरक्षा रणनीति
समिति हर परीक्षा के लिए अलग रणनीति तैयार करेगी। परीक्षा चक्र शुरू होने से कम से कम 15 दिन पहले बैठक आयोजित की जाएगी। बड़ी परीक्षाओं से पहले भी बैठक कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा होगी।
इस दौरान पेपर लीक करने वाले गिरोहों की गतिविधियों, परीक्षा में कदाचार और सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरों की खुफिया जानकारी जुटाई जाएगी। इसके आधार पर समय रहते कार्रवाई की योजना बनाई जाएगी।
मुख्य सचिव, DGP और NTA महानिदेशक के बीच होगी हॉटलाइन
परीक्षा के दौरान किसी भी गड़बड़ी या आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए चंडीगढ़ के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और NTA के महानिदेशक के बीच सीधी हॉटलाइन स्थापित की जाएगी।
इस व्यवस्था से परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं का तुरंत आदान-प्रदान हो सकेगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी।
Desh Har Pal वेबसाइट पर ऐसी ही खबरों और ताजा अपडेट के लिए विजिट करें।









































