देशभर में 350 से ज्यादा फर्जी मेडिकल डिग्रियां बेचकर लोगों को डॉक्टर बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का कनेक्शन ग्वालियर से जुड़ा है। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने इस मामले में गिरोह के मुख्य आरोपी मनीष मांझी को ग्वालियर के एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए कुल चार आरोपियों को पकड़ा है।
जांच में पता चला है कि गिरोह के सदस्य 5 से 8 लाख रुपए लेकर 12वीं, MBBS और MD जैसी मेडिकल डिग्रियां बेचते थे। मनीष मांझी फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करवाता था। इसके बाद गिरोह का सदस्य खुर्शीद तौफीक इन दस्तावेजों को संबंधित विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करता था, ताकि वे असली नजर आएं।
11वीं पास युवक को फर्जी डिग्री से बनाया डॉक्टर
गिरोह का नेटवर्क मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली तक फैला हुआ था। इसकी कारगुजारी का खुलासा तब हुआ, जब जांच में सामने आया कि राजस्थान के दौसा निवासी रामकिशोर महावर केवल 11वीं पास है, लेकिन उसके पास फर्जी MBBS, MD और DMRD की डिग्रियां थीं।
इन दस्तावेजों के आधार पर रामकिशोर ने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराया और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर बन गया। इससे पहले वह सर गंगाराम अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम कर चुका था।
फेसबुक पर विज्ञापन देकर तलाशते थे ग्राहक
राजस्थान SOG के ADG विशाल बंसल के मुताबिक, गिरोह के सदस्य ‘मेडिकल एजुकेशन’ नाम से फेसबुक पर विज्ञापन डालकर ग्राहकों की तलाश करते थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए फायरवॉल का इस्तेमाल किया जाता था। इसके बाद वॉट्सऐप के जरिए फर्जी डिग्रियों का सौदा होता था।
गिरोह में शामिल आरोपियों की भूमिका इस प्रकार थी:
- सत्यजीत पाणिग्रही (पश्चिम बंगाल): फेसबुक के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था।
- मनीष मांझी (ग्वालियर): फर्जी मार्कशीट और मेडिकल डिग्रियां तैयार करवाता था।
- खुर्शीद तौफीक: फर्जी डिग्रियों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करता था।
- रामकिशोर महावर (दौसा): फर्जी डिग्री के आधार पर डॉक्टर बना और अन्य लोगों को भी गिरोह से जोड़ता था।
ग्वालियर से जुड़ी अहम कड़ी
राजस्थान SOG की जांच में मनीष मांझी को पूरे सिंडिकेट की अहम कड़ी बताया गया है। वह गिरोह के लिए फर्जी मार्कशीट और मेडिकल डिग्रियां तैयार करवाने का काम करता था। राजस्थान SOG ने जयपुर में कार्रवाई कर इस अंतरराज्यीय रैकेट का खुलासा किया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और फर्जी डिग्रियों के जरिए डॉक्टर बने लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।






































