दीपावली के बाद घर लौटने वाले यात्रियों और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए स्टेशन परिसर में 4200 वर्गफीट का होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यहां करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है।
मंगलवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
होल्डिंग एरिया में भोजन, पानी और बैठने की सुविधा
होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह के साथ सीसीटीवी कैमरे, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की गई है। यहां 15 और 20 रुपए में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि रेल नीर की कीमत 14 रुपए रखी गई है। इसके अलावा यात्रियों को निशुल्क पेयजल भी दिया जा रहा है।
महाप्रबंधक ने यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने प्रतीक्षालय, वेटिंग लाउंज, क्लॉक रूम और प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने डिजिटल बैगेज लॉकर का भी निरीक्षण किया।
टिकट के लिए 20 एटीवीएम की सुविधा
टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से यात्रियों को राहत देने के लिए स्टेशन पर 20 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाई गई हैं। इसके साथ ही टिकट काउंटरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। यात्री मोबाइल के जरिए भी टिकट बुक कर सकते हैं।
महाप्रबंधक ने आरक्षित और अनारक्षित टिकट केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सीसीटीवी से 24 घंटे होगी भीड़ की निगरानी
त्योहारों के दौरान रायपुर सहित अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ पर नजर रखने के लिए 24 घंटे वार रूम सक्रिय रहेगा। यहां सीसीटीवी कैमरों की लाइव तस्वीरों के जरिए भीड़ की स्थिति पर निगरानी रखी जाएगी।
इसके लिए वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार और यांत्रिक विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी तकनीकी या परिचालन संबंधी समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।










































