छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मेडिकल पीजी (MD) में एडमिशन दिलाने के नाम पर दो डॉक्टरों से करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मेडिकल कॉलेज में सीट दिलाने का भरोसा देकर मोटी रकम वसूली और फर्जी अलॉटमेंट लेटर तक भेज दिए। ठगी का शिकार एक डॉक्टर ने बेटे के एडमिशन के लिए एजुकेशन लोन लिया और अपना मकान तक गिरवी रख दिया।
दोनों डॉक्टर करीब दो साल तक एडमिशन मिलने और रकम वापस आने का इंतजार करते रहे। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
बेटे को MD में सीट दिलाने के लिए मांगे 2.30 करोड़ रुपए
पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि उनका बेटा MBBS पास कर चुका है। उसने 2023 में NEET-PG की परीक्षा दी थी। इसी दौरान अक्टूबर 2023 में गिरोह के एक सदस्य ने फोन कर MD रेडियोलॉजी या मेडिसिन में एडमिशन दिलाने का प्रस्ताव दिया।
शुरुआत में आरोपियों ने इसके लिए 2.50 करोड़ रुपए मांगे। बाद में बातचीत के बाद सौदा 2.30 करोड़ रुपए में तय हुआ। डॉक्टर को भरोसा दिलाया गया कि उनके बेटे को मेडिकल कॉलेज में पीजी की सीट मिल जाएगी।
ऑनलाइन और कैश में वसूले 1.29 करोड़ रुपए
एडमिशन दिलाने के नाम पर आरोपियों ने बैंक और ऑनलाइन माध्यम से 74 लाख 37 हजार 801 रुपए लिए। इसके अलावा 55 लाख रुपए नकद भी वसूले। इस तरह पहली शिकायत करने वाले डॉक्टर से कुल 1 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपए ले लिए गए।
फरवरी 2024 में एडमिशन की सूची जारी हुई तो उसमें बेटे का नाम नहीं था। इसके बाद डॉक्टर को ठगी का शक हुआ। आरोपियों ने पैसे वापस करने का आश्वासन देकर उन्हें लगातार टालना शुरू कर दिया।
फर्जी अलॉटमेंट लेटर भेजकर मैंगलोर बुलाया
आरोपियों ने वॉट्सऐप पर 3.54 लाख रुपए फीस जमा होने का फर्जी सीट अलॉटमेंट लेटर भेजा। इसके बाद डॉक्टर और उनके बेटे को मैंगलोर के एक मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया।
दोनों मैंगलोर पहुंचे तो गिरोह के दूसरे सदस्य ने वहां सीट उपलब्ध नहीं होने की बात कही और उन्हें बेंगलुरु ले गया। वहां एक व्यक्ति से मुलाकात कराई गई, जिसने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया।
आरोपियों ने असली जैसे दिखने वाले एडमिशन ऑर्डर और फीस की रसीदें भी दिखाईं। इसके बाद डॉक्टर से 12.68 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट बनवाने के लिए कहा गया।
परिचित दूसरे डॉक्टर से भी 1.45 करोड़ की ठगी
आरोपियों ने इसी तरीके से पीड़ित डॉक्टर के परिचित रिंग रोड क्षेत्र के एक अन्य डॉक्टर को भी मेडिकल पीजी में एडमिशन दिलाने का झांसा दिया। उससे करीब 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए वसूल लिए गए।
दूसरा डॉक्टर भी अब अपनी रकम वापस पाने के लिए आरोपियों के चक्कर लगा रहा है। दोनों मामलों में कुल ठगी की रकम करीब 2 करोड़ 74 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है।
सिविल लाइन पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों का संबंध दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।







































