छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मनरेगा की मजदूरी के भुगतान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी अंतर्गत ग्राम सरसेनी का है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गांव निवासी राजकुमार सोल्डे अपने चाचा नारायण सोल्डे के घर खाना खाने पहुंचे थे। नारायण गांव के सरपंच पति हैं।
सरपंच पति से गाली-गलौज का विरोध करने पर हमला
राजकुमार के मुताबिक, रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद वह घर के पास खड़े थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले ललित सोल्डे और उसके परिवार के लोग पुरानी बात को लेकर नारायण सोल्डे से गाली-गलौज करने लगे।
राजकुमार ने इसका विरोध करते हुए ललित को ऐसा करने से मना किया। इस पर ललित और उसके साथ मौजूद लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने राजकुमार को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर लाठी से हमला कर दिया।
राजकुमार को पिटता देखकर रामायण सोल्डे बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया। नारायण सोल्डे ने भी विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में तीनों को चोटें आईं।
मनरेगा की चार सप्ताह की मजदूरी मांगने पर मारपीट का आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से तितरी बाई सोल्डे ने भी मल्हार चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि घटना की रात उनके पति ललित सोल्डे रोजगार गारंटी योजना के तहत चार सप्ताह काम करने की मजदूरी मांगने सरपंच पति नारायण सोल्डे के घर के पास पहुंचे थे।
तितरी बाई के मुताबिक, इसी बात को लेकर नारायण, रामायण और राजकुमार सोल्डे ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से ललित की पिटाई कर दी।
उन्होंने बताया कि पति को बचाने के लिए वह अपने बेटे आर्यन और बेटी अंतरा के साथ मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
हमले में तितरी बाई के बाएं हाथ के अंगूठे के पास, आर्यन के सिर और अंतरा के दाहिने हाथ में चोट आई है।
दोनों पक्षों के खिलाफ BNS की धाराओं में केस दर्ज
राजकुमार सोल्डे की शिकायत पर पुलिस ने ललित सोल्डे, आर्यन सोल्डे और तितरी बाई सोल्डे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, तितरी बाई की शिकायत पर नारायण सोल्डे, रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।









































