प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया की छत्तीसगढ़ इकाई ने रायपुर के एक निजी अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत की है। शिविर का शुभारंभ सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया। यह स्वास्थ्य शिविर 17 सितंबर से 25 सितंबर तकआयोजित किया जाएगा।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर शदाणी दरबार के संत युधिष्ठिर लाल, विधायक सुनील सोनी और भाजपा नेता सुभाष तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।
अस्पताल में मुफ्त स्वास्थ्य जांच की सुविधा
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया कि शिविर में लोगों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एक सराहनीय सेवा कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ रहे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।
करीब 6,800 रुपये तक की जांच मुफ्त
विधायक सुनील सोनी ने बताया कि शिविर में लगभग 6,800 रुपये तक की स्वास्थ्य जांच पूरी तरह निःशुल्क की जा रही है। शिविर में लोगों को कई प्रकार की जांच और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
संत युधिष्ठिर लाल ने कहा कि सिंधी काउंसिल की टीम ने अस्पताल में बड़े स्तर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में लोग इस शिविर का लाभ उठाएंगे।
कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में शदाणी दरबार के सचिव उदय शदाणी, सिंधी काउंसिल की महिला विंग अध्यक्ष काजल सचदेव, महामंत्री लक्ष्मी बजाज, चंचलानी, महक होतवानी, नीता कुकरेजा, किशोर आहूजा, गिरीश लहेजा, जितेंद्र मलघानी, गौरव मंधानी, धनेश मटलानी, रितेश वाधवा, गोल्डी सिदारा और राजकुमार सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



