मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में खाईखेड़ा गांव से लापता तीन लोगों की तलाश की मांग को लेकर दांगी समाज ने बुधवार को प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने भोपाली फाटक से एसपी और कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर लापता सुरेश दांगी, राजेश दांगी और ओमवती दांगी को जल्द खोजने की मांग की।
दांगी समाज के अध्यक्ष बाबूलाल दांगी के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में लापता लोगों की तस्वीरें लेकर चल रहे थे। उन्होंने एएसपी प्रशांत चौबे और डिप्टी कलेक्टर किरण सिंह को ज्ञापन सौंपा।
3 नवंबर की रात से लापता हैं तीनों
जानकारी के मुताबिक, किरण दांगी के पिता सुरेश दांगी, मां ओमवती दांगी और भाई राजेश दांगी 3 नवंबर की रात से लापता हैं। तीनों सीहोर जिले के खाईखेड़ा गांव में स्थित अपनी साढ़े तीन एकड़ पुश्तैनी जमीन पर खेत में पानी देने गए थे।
परिवार के अनुसार, 3 नवंबर की शाम करीब 7 बजे तीनों से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
समाज ने पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
प्रदर्शन के दौरान सेमरा दांगी के समाजसेवी विनय सिंह दांगी ने पुलिस प्रशासन को लापता लोगों की तलाश के लिए 24 घंटे का समय दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने पर दांगी समाज धरना-प्रदर्शन करेगा।
आम आदमी पार्टी के नेता केपी सिंह बघेल ने भी घटना को चिंताजनक बताते हुए पुलिस से गंभीरता से खोजबीन करने की मांग की।
एसडीओपी ने दिया जल्द तलाश का आश्वासन
एसपी कार्यालय में सीहोर एसडीओपी प्रेम नारायण भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि पुलिस लगातार तीनों लापता लोगों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द खोजने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन में दांगी समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। समाज ने प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की मांग की है।








































