पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले चार गानों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर निर्देश जारी किए गए हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को कार्यक्रम में नहीं गाने देने को कहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग का मानना है कि इन गानों के बोल बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं।
जिन गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम लभिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी’ शामिल हैं।
विभाग ने 6 नवंबर को जारी पत्र में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला दिया है।
5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी मिलेगी एंट्री
महिला एवं बाल विकास विभाग ने पत्र में बताया है कि कॉन्सर्ट में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश दिया जाएगा। इसी वजह से गानों के बोल को लेकर चिंता जताई गई है।
पत्र की प्रतियां कलेक्टर, विजय नगर के अनुविभागीय अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भी भेजी गई हैं।
प्रोफेसर ने बच्चों को मंच पर बुलाने और कारतूस वाली बेल्ट पर भी जताई आपत्ति
दरअसल, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर ने इन गानों को लेकर शिकायत की थी। उन्होंने चार गानों पर आपत्ति जताने के साथ कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने की मांग की थी।
उन्होंने दिलजीत दोसांझ को कारतूस वाली बेल्ट पहनने से रोकने और विवादित गानों को उनके बोल बदलकर भी नहीं गाने देने की मांग की थी। शिकायत में हाईकोर्ट के पुराने आदेश का हवाला देते हुए प्रशासन से कार्रवाई की अपील की गई थी।
3 निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को मिली थी बम धमाके की धमकी
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले इंदौर में सुरक्षा को लेकर भी चिंता सामने आई थी। 2 नवंबर को शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को बम धमाके की धमकी वाले ई-मेल मिले थे।
इन ई-मेल में 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट की चेतावनी भी दी गई थी। ऐसे में कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था के साथ गानों और बच्चों की एंट्री को लेकर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।
