इंदौर के राऊ इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। साईं विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। मृतकों की पहचान पवन सोनी (40) और उसकी पत्नी वर्षा (35) के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाए। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घर लौटे बच्चों ने देखा माता-पिता का शव
एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि साईं विहार कॉलोनी में रहने वाले पवन सोनी ने घर के कमरे में फांसी लगा ली है। कमरे में ही उसकी पत्नी वर्षा का शव भी पड़ा था। वर्षा के गले पर चाकू से वार किए जाने के निशान मिले।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि पवन ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद फांसी लगा ली।
बताया जा रहा है कि दंपती के 15 साल का बेटा और 7 साल की बेटी है। रविवार दोपहर पवन ने दोनों बच्चों को पास के गार्डन में खेलने भेज दिया था। शाम करीब 4 बजे जब बच्चे घर लौटे तो उन्होंने माता-पिता को इस हालत में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पराठे की दुकान चलाता था पवन
जानकारी के मुताबिक, पवन सोनी पराठे की दुकान लगाता था। वह मूल रूप से रीवा का रहने वाला था और इंदौर में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था।
रेहान नाम के युवक को लेकर विवाद की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पवन ने कुछ समय पहले रेहान नाम के युवक को घर पर वेल्डिंग का काम करने के लिए बुलाया था। इसके बाद रेहान और वर्षा के बीच बातचीत होने लगी थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पवन और रेहान के बीच विवाद था। यह भी दावा किया जा रहा है कि रेहान पवन को धमकाता था।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रेम-प्रसंग और विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।

