इंदौर के राऊ इलाके की साईं विहार कॉलोनी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चाकू से अपनी पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त दंपती के दोनों बच्चे घर से बाहर थे।
खेलकर लौटे बच्चों ने देखे माता-पिता के शव
जानकारी के मुताबिक, वारदात से पहले पति ने अपने 15 वर्षीय बेटे और 7 वर्षीय बेटी को पास के गार्डन में खेलने के लिए भेज दिया था। शाम करीब 4 बजे दोनों बच्चे घर लौटे तो कमरे में मां का शव पड़ा था, जबकि पिता फंदे पर लटका हुआ था। बच्चों ने घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतकों की पहचान पवन सोनी (40) और उसकी पत्नी वर्षा (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पवन मूल रूप से रीवा का रहने वाला था और इंदौर में किराए के मकान में रहकर पराठे की दुकान चलाता था।
पत्नी का चाकू से रेता गया था गला
एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को पवन के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में उसकी पत्नी वर्षा का शव भी मिला। शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला का गला चाकू से रेता गया था।
वेल्डिंग के काम को लेकर विवाद की भी जांच
जानकारी के अनुसार, पवन ने कुछ समय पहले रेहान नाम के युवक को घर में वेल्डिंग का काम करने के लिए बुलाया था। इसके बाद रेहान और वर्षा के बीच बातचीत होने लगी थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पवन और वर्षा के बीच विवाद रहता था। रेहान पर भी पवन को धमकाने के आरोप सामने आए हैं।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल कथित प्रेम-प्रसंग या विवाद को घटना की वजह होने की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

