मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मूंदी अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उसे ले जाने के लिए जननी एक्सप्रेस (एंबुलेंस) नहीं पहुंची। परिजन रविवार रात करीब 8 बजे से 10:30 बजे तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे और कई बार फोन भी किया। इसके बावजूद सुविधा नहीं मिली। आखिरकार परिजनों को निजी वाहन किराये पर लेकर महिला को खंडवा ले जाना पड़ा। महिला के गर्भ में जुड़वां बच्चे हैं।
मामला ग्राम भगवानपुरा की रहने वाली शिवानी से जुड़ा है। परिजन उसे इलाज के लिए मूंदी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां जांच और उपचार के बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्टाफ की कमी और पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने की बात कहते हुए उसे खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद भी नहीं पहुंची एंबुलेंस
महिला को रेफर किए जाने के बाद परिजनों ने जननी एक्सप्रेस सेवा से संपर्क किया। वे रात करीब 8 बजे से एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। कई बार फोन करने के बावजूद रात 10:30 बजे तक जननी एक्सप्रेस नहीं पहुंची।
महिला की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने निजी वाहन किराये पर लिया और उसे लेकर खंडवा जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
रेफर मरीज को अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी पर सवाल
इस घटना के बाद रेफर किए गए मरीजों को दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने और जननी एक्सप्रेस की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जब मूंदी अस्पताल में स्टाफ और पर्याप्त सुविधाओं की कमी के कारण गर्भवती महिला को खंडवा रेफर किया गया, तो उसे समय पर जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी जरूरी थी। खासकर ऐसे मामले में, जब महिला के गर्भ में जुड़वां बच्चे हों।
जननी एक्सप्रेस सेवा का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल और जरूरत पड़ने पर एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करना है। लेकिन इस मामले में परिजनों को इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं मिली और उन्हें निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा।
सीएमएचओ बोले- मामले की जांच कराएंगे
मामले पर सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत ने कहा कि जननी एक्सप्रेस एक इमरजेंसी सुविधा है। यदि इस मामले में लापरवाही बरती गई है, तो इसकी जांच कराई जाएगी। संबंधित संचालन एजेंसी से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

