मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यौन मंशा से किसी नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना भी पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन हमला माना जा सकता है। यदि मामले की परिस्थितियों से आरोपी की यौन मंशा साबित होती है, तो ऐसा शारीरिक संपर्क पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के दायरे में आएगा। हाईकोर्ट ने इस मामले में आरोपी की दोषसिद्धि और सजा बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी।
जस्टिस आलोक अवस्थी की बेंच ने आरोपी की उस अपील पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की, जिसमें उसने विशेष न्यायाधीश द्वारा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत सुनाई गई सजा को चुनौती दी थी।
अपील पर अंतिम सुनवाई 28 अक्टूबर 2026 को हुई थी। इसके बाद कोर्ट ने 16 नवंबर को आदेश जारी किया।
घर में अकेली देखकर पकड़ा हाथ, विरोध के बावजूद नहीं छोड़ा
अभियोजन के मुताबिक, 23 सितंबर 2020 को आरोपी यूसुफ पीड़िता के घर में मिस्त्री का काम कर रहा था। घटना के समय लड़की के माता-पिता और बड़ी बहन घर पर मौजूद नहीं थे।
इसी दौरान आरोपी ने नाबालिग का हाथ यौन मंशा से पकड़ लिया। लड़की ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसका हाथ नहीं छोड़ा। इसके बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर गैलरी में पहुंची और दरवाजा बंद कर लिया।
आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को भी नहीं बताने की धमकी दी थी। बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई, जिसके बाद रावजी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
कोर्ट बोला- पीड़िता की विश्वसनीय गवाही दोषसिद्धि के लिए पर्याप्त
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि आधिकारिक दस्तावेजों से पीड़िता की उम्र साबित हुई थी। उसकी गवाही भी मामले के महत्वपूर्ण तथ्यों पर लगातार एक जैसी रही।
कोर्ट ने कहा कि पुलिस को दिए गए बयान और अदालत में दर्ज बयान के बीच मामूली अंतर होना स्वाभाविक है। इसी तरह मां और बच्ची के बयानों में छोटे-मोटे अंतर होने से अभियोजन के मूल मामले पर असर नहीं पड़ता।
बेंच ने यह भी स्पष्ट किया कि यौन अपराधों के मामलों में पीड़िता की विश्वसनीय गवाही दोषसिद्धि के लिए पर्याप्त हो सकती है। हर मामले में स्वतंत्र गवाह या अतिरिक्त पुष्टि जरूरी नहीं है।
आरोपी की अपील खारिज, ट्रायल कोर्ट का फैसला बरकरार
आरोपी की ओर से दलील दी गई थी कि केवल हाथ पकड़ने के आरोप के आधार पर ट्रायल कोर्ट ने दोषसिद्धि का गलत फैसला सुनाया है। उसने इसे कानून और तथ्यों के अनुरूप नहीं बताया था।
हालांकि, हाईकोर्ट ने मामले की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद दोषसिद्धि में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया। कोर्ट ने विशेष न्यायाधीश के फैसले को बरकरार रखते हुए आरोपी की अपील खारिज कर दी।
यह फैसला पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के उस प्रावधान को स्पष्ट करता है, जिसके तहत यौन मंशा से शारीरिक संपर्क के जरिए किए गए कृत्य यौन हमले की श्रेणी में आ सकते हैं।


