सभी स्कूल में 13 नवंबर को होने वाले किसान सम्मेलन सह पशु मेले के लिए निजी स्कूलों की बसें अधिग्रहित करने का आदेश निरस्त कर दिया गया है। अब शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल सामान्य दिनों की तरह खुलेंगे और नियमित कक्षाएं संचालित होंगी।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आदेश निरस्त कराया है। साथ ही प्रशासनिक लापरवाही के मामले में एडीएम सीबी प्रसाद और आरटीओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
स्कूल बसें लेने के आदेश से बनी थी असमंजस की स्थिति
दरअसल, 13 नवंबर को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में किसान सम्मेलन सह पशु मेले का आयोजन होना है। कार्यक्रम में हितग्राहियों को लाने और ले जाने के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) ने निजी स्कूलों की बसों सहित अन्य वाहनों के अधिग्रहण का आदेश जारी किया था।
इस आदेश के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई थी। उन्हें चिंता थी कि शुक्रवार को बच्चों के स्कूल आने-जाने और नियमित पढ़ाई की व्यवस्था कैसे होगी।
मामला कलेक्टर रुचिका चौहान के संज्ञान में आया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले में ग्रामीणों के आवागमन के लिए प्रशासन के पास पर्याप्त संख्या में दूसरे वाहन उपलब्ध हैं।
प्रारूप के आधार पर गलती से जारी हुआ था आदेश
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वाहन अधिग्रहण के एक प्रारूप के आधार पर गलती से निजी स्कूलों की बसें लेने का आदेश जारी हो गया था।
कलेक्टर के निर्देश पर अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सीबी प्रसाद ने तत्काल प्रभाव से पहले जारी किए गए सभी अधिग्रहण आदेश निरस्त कर दिए।
एडीएम और आरटीओ को कारण बताओ नोटिस
आदेश जारी होने से पैदा हुई भ्रम की स्थिति को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने प्रशासनिक चूक के लिए जवाबदेही तय करते हुए एडीएम सीबी प्रसाद और आरटीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि किसान सम्मेलन सह पशु मेले के लिए किसी भी स्कूल की बस अधिग्रहित नहीं की जाएगी। शुक्रवार को सभी स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगेंगी।


