पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित लाइव कॉन्सर्ट से पहले बम धमाकों की धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। इसे सचिवालय को भेजा गया तीसरा धमकी भरा ई-मेल बताया जा रहा है। लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
इस बीच पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पहले मिले धमकी भरे ई-मेल में से एक देवास के युवक की हैक की गई ई-मेल आईडी से भेजा गया था। जांच में अमेरिका का एक संदिग्ध IP एड्रेस और VPN के इस्तेमाल की जानकारी मिली है।
देवास के युवक की हैक की गई ई-मेल आईडी से भेजा गया था संदेश
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने गुरुवार को बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जांच के दौरान देवास निवासी निखिल गुप्ता का नाम सामने आया। निखिल एक निजी कंपनी में काम करते हैं।
जांच में पता चला कि उनका ई-मेल अकाउंट इसी साल मार्च या अप्रैल में हैक हो गया था। वे लंबे समय से अकाउंट रिकवर करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने निखिल के बयान दर्ज किए हैं।
तकनीकी जांच में अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड खंगालने पर अमेरिका का संदिग्ध IP एड्रेस मिला। पुलिस के मुताबिक, इस IP एड्रेस का इस्तेमाल VPN के जरिए किया गया था। निखिल की ई-मेल आईडी से धमकी भरा संदेश भेजे जाने की पुष्टि हुई है, लेकिन इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच जारी है।
डार्क वेब और साइबर नेटवर्क के एंगल से जांच
महापौर सचिवालय को ताजा धमकी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई है। साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इससे पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को अलग-अलग ई-मेल आईडी से धमकी भरे संदेश मिले थे। इनमें दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाकर बम विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।
अलग-अलग ई-मेल आईडी के इस्तेमाल को देखते हुए पुलिस किसी संगठित साइबर नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसमें डार्क वेब के जरिए ई-मेल डेटा खरीदने और हैक किए गए अकाउंट के इस्तेमाल जैसे पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अब तक जांच में सामने आई धमकियां फर्जी और भ्रामक पाई गई हैं। हालांकि, बार-बार धमकी मिलने के कारण सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं।
15 नवंबर के कॉन्सर्ट को अभी अनुमति नहीं
दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर के C21 ग्राउंड पर प्रस्तावित है। कार्यक्रम के आयोजकों ने पुलिस प्रशासन से अनुमति मांगी है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, आयोजकों के आवेदन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है। फिलहाल कार्यक्रम को लेकर अंतिम अनुमति नहीं दी गई है।










































