हरियाणा के नूंह जिले के इंडरी गांव में घर के बाहर बैठकर गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने आरोपी के पास से 1 किलो 323 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार के मुताबिक, HSNCB की फरीदाबाद यूनिट की टीम थाना रोजका मेव क्षेत्र में नशा विरोधी अभियान के तहत गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि इंडरी गांव निवासी विक्रम गांजा बेचने का काम करता है।
काले बैग में रखी थी गांजे की थैली
पुलिस को सूचना मिली थी कि विक्रम अपने घर के बाहर पैड़ी पर बैठकर गांजा बेच रहा है। वह काले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा रखे हुए था और किसी ग्राहक को देने की तैयारी में था।
सूचना के आधार पर टीम गांव पहुंची तो बताए गए स्थान पर एक व्यक्ति घर के सामने पैड़ी पर बैठा मिला। उसके हाथ में काले रंग का बैग था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी ने अपनी पहचान विक्रम पुत्र शंकर लाल, निवासी इंडरी के रूप में बताई। बैग की तलाशी लेने पर उसमें रखी सफेद प्लास्टिक की थैली से गांजा बरामद हुआ। डिजिटल कांटे पर थैली समेत इसका वजन 1 किलो 323 ग्राम निकला।
पुलिस के अनुसार, विक्रम गांजे से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका।
गांजा कहां से लाता था, पुलिस कर रही पूछताछ
मामले में थाना रोजका मेव में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। शुरुआती जांच के बाद आरोपी को रोजका मेव थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह गांजा कहां से लाता था और इस कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस मामले की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।





































