मध्यप्रदेश के जबलपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 137 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है। भेड़ाघाट पुलिस ने चौकीताल गांव के पास नहर किनारे खड़ी बिना नंबर की स्कार्पियो से 136 किलो 84 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 68 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है। वहीं, घमापुर पुलिस ने चांदमारी तलैया क्षेत्र में दबिश देकर एक महिला को 1 किलो 7 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। इसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है।
स्कार्पियो की डिक्की में मिले गांजे के 12 पैकेट
मंगलवार दोपहर भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया थाने में काम कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने मोबाइल पर सूचना दी कि चौकीताल गांव के पास नहर किनारे कच्चे रास्ते पर बिना नंबर की एक काली स्कार्पियो संदिग्ध हालत में खड़ी है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कच्चे रास्ते पर काली स्कार्पियो खड़ी मिली। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी। पीछे की सीट की खिड़की का कांच टूटा हुआ था और पीछे का टायर भी क्षतिग्रस्त था।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो डिक्की में टेप से लिपटे 12 पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा मिला। तौल कराने पर कुल 136 किलो 84 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 42 हजार रुपए है।
स्कार्पियो के अंदर एक नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर यूपी 57 सीसी 7869 लिखा हुआ था। पुलिस ने गांजा और वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है।
गांजा बेचने की फिराक में थी महिला, पुलिस ने पकड़ा
दूसरी कार्रवाई घमापुर पुलिस ने चांदमारी तलैया क्षेत्र में की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के मुताबिक, मंगलवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदमारी तलैया स्थित टेस्टिंग रोड पहाड़ के पास एक महिला गांजा बेचने के लिए खड़ी है।
सूचना पर पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मौके पर दबिश दी। पुलिस को वहां मुखबिर के बताए हुलिए की महिला दिखाई दी। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीता कुचबंधिया (40), निवासी लालमाटी, चांदमारी टेस्टिंग रोड, घमापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद रंग के थैले से छोटी-छोटी पुड़ियों में रखा गांजा मिला।
तौल करने पर कुल 1 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है।


