ट्रक हादसे के मुख्य आरोपी ड्राइवर गुलशेर और उसके साथी शंकर को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने दोनों के 5 दिन के रिमांड की मांग की थी, जिस पर कोर्ट ने सुनवाई के बाद दोनों को 21 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब पुलिस उनसे घटना से जुड़ी हर जानकारी विस्तार से लेगी।

गुपचुप तरीके से कोर्ट पेशी
एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा ने बताया कि दोनों को 14 नंबर कोर्ट में पेश किया गया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह करीब 11 बजे आरोपी को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान वकील और हिंदूवादी संगठनों के लोग रास्ता देखते रह गए, क्योंकि उन्हें जानकारी थी कि पेशी दोपहर 1 से 2 बजे के बीच होगी।
21 सितंबर को फिर होगी पेशी
कोर्ट ने दोनों को 21 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब उस दिन उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस दौरान उनसे घटना और अन्य मामलों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
आरोपी गुलशेर पर पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और पशु के साथ अप्राकृतिक कृत्य जैसे अपराध शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि वह शराब पीने का आदी है और उसके खिलाफ दर्ज मामलों में अब तक क्या कार्रवाई हुई है, इसकी जानकारी निकाली जा रही है।
👉 ताज़ा अपडेट्स और खबरों के लिए विज़िट करें: deshharpal.com
