टीवी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में अय्यर का किरदार निभाने वाले अभिनेता तनुज महाशब्दे शनिवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और जलद्वार पर जलाभिषेक किया। इस दौरान उनके 80 वर्षीय पिता भी साथ मौजूद रहे। मंदिर समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया।
दर्शन के बाद तनुज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महाकाल के दर्शन से उन्हें उम्मीद से भी ज्यादा खुशी मिली। दर्शन का अनुभव इतना अच्छा रहा कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
बोले- विज्ञान कितना भी आगे बढ़ जाए, भगवान सर्वोपरि
तनुज महाशब्दे ने कहा कि विज्ञान चाहे कितनी भी तरक्की कर ले, भगवान की महत्ता हमेशा सबसे ऊपर रहेगी। धारावाहिक में वे एक साइंटिस्ट का किरदार निभाते हैं, लेकिन भगवान महाकाल से बढ़कर कोई नहीं है।
उन्होंने कहा कि महाकाल सर्वोपरि हैं और उनका स्मरण करते हुए जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। देश पर भी बाबा महाकाल की कृपा बनी हुई है।
सिंहस्थ-2028 के लिए देशभर के श्रद्धालुओं को दिया न्योता
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर तनुज ने कहा कि उज्जैन में निर्माण कार्य और आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि सिंहस्थ का आयोजन अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री भी इस आयोजन में रुचि ले रहे हैं।
तनुज ने देशभर के श्रद्धालुओं को उज्जैन आने और सिंहस्थ का लाभ लेने का न्योता दिया।
बोले- माता-पिता की सेवा करें और उनका आशीर्वाद लें
अपने प्रशंसकों और देशवासियों को संदेश देते हुए अभिनेता ने कहा कि सभी स्वस्थ रहें और अपने माता-पिता का ध्यान रखें। उनकी सेवा करें और उनका आशीर्वाद लेकर जीवन में आगे बढ़ें।
उन्होंने लोगों से अवसर मिलने पर उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन करने की अपील भी की।






































